✨ Lesson 1: जीवन अवसर है, बोझ नहीं


मित्रो, कल धन तेरस का त्यौहार हमने मनाया। आज रूप चौदस का त्यौहार है। कल दीपावली है। मैंने अपने कल के उद्बोधन में कहा था कि धन तेरस मात्र रुपए पैसे, सोना, चाँदी की पूजा करने का त्यौहार नहीं है वरन्, ये उन सब सकारात्मक पहलुओं को धोक देने का पर्व है। आपका अच्छा स्वास्थ्य, आपके स्वास्थ्य संबंध, आपकी अच्छी आदतें, आपके अच्छे लक्ष्य ये सब धन तेरस के दिन पूजे जाने चाहिए। ये भी आपका धन हैं।

अच्छी आदतों से आप समृद्ध होते हैं. मैं आदतों पर आपसे अगले कई दिन तक बात करूँगा. आइए अच्छी आदतों में शुमार सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाने के लिए हम कुछ पाठ (Lessons) पर चर्चा अवश्य करें.

आज से हम एक नई श्रृंखला आरम्भ कर रहे हैं। ये श्रृंखला 50 Lessons की है. इनसे आप बहुत कुछ सीखेंगे. आपके जीवन में इससे बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.

एक वर्ष में 52 रविवार होते हैं. 50 रविवार को तो हम ये पाठ पढ़ेंगे. अंतिम दो सप्ताहों में हम इनकी समीक्षा करेंगे. फिर अगले वर्ष की दीपावली पर पुनः मुखातिब होंगे.

आइए पढ़ते हैं पहला पाठ: जीवन अवसर है बोझ नहीं

1. एक छोटी सी कहानी सुनाता हूँ.

राहुल नाम का एक युवा रोज़ शिकायत करता था – “मेरे पास अच्छे अवसर नहीं हैं, मेरी किस्मत साथ नहीं देती, मेरी ज़िंदगी कितनी कठिन है।”
उसके चेहरे पर हमेशा तनाव और निराशा रहती। जब देखो तब यही सोचते रहता. न मन में ख़ुशी न चेहरे पर निखार. 

एक दिन उसके गुरु ने उसे एक थैला दिया और बोले –
“इसे अपने कंधे पर उठाकर गाँव के अंत तक ले जाओ।”

थैले में कुछ ईंटें और पत्थर थे। राहुल ने आधे रास्ते में ही हांफते हुए कहा –
“गुरुजी, ये कितना भारी है। क्यों दे दिया आपने?”

गुरु जी मुस्कुराए – “बेटा, ज़िंदगी भी ऐसा ही बोझ है, जब तक तुम इसे पत्थरों जैसा समझते हो। लेकिन अगर तुम इन्हीं पत्थरों से रास्ता बनाने लगो, तो यही बोझ अवसर बन जाएगा।”

राहुल समझ गया। वही पत्थर जिनसे वह परेशान था, वही एक पुल भी बना सकते थे। उसने इस बात को अपने मन में बिठा लिया और समझ गया की जीवन बोझ नहीं अवसर है और इस अवसर का जो लाभ उठा सकता है वही समझदार है। 


2. जीवन को अवसर की दृष्टि से देखने का अर्थ

हम सबके जीवन में कठिनाइयाँ आती हैं। कोई ऐसा नहीं है जो हर ओर से संतुष्ट हो। कोई आर्थिक परेशानी झेलता है, कोई स्वास्थ्य से जूझता है, कोई रिश्तों से। कई बार हमें दूर से जो व्यक्ति बहुत संतुष्ट या सुखी दिखाई दे रहा होता है वे अक्सर पास आने पर प्रताड़ित व कुंठित दिखाई देता है। यहाँ पर फर्क इस बात से पड़ता है कि हम उन परिस्थितियों को बोझ समझते हैं या अवसर

  • बोझ का दृष्टिकोण: “मेरे साथ ही क्यों?” फ़लाँ व्यक्ति तो बहुत संतुष्ट है। उसके पास सब कुछ है.
  • अवसर का दृष्टिकोण: “मैं इससे क्या सीख सकता हूँ?” मैं इसे किस तरह अपना जीतने का साधन बना सकता हूँ। मैं इससे क्या लाभ उठा सकता हूँ. 

और यही सोच हमारे जीवन की दिशा तय करती है।


3. क्यों ज़रूरी है यह सोच?

  1. बोझ हमें तोड़ता है, अवसर हमें गढ़ता है।
    • बोझ समझकर हम हार मान लेते हैं। थक हारकर बैठ जाते हैं और सोचते हैं की मैं ये नहीं कर सकता हूँ। 
    • अवसर समझकर हम नए रास्ते खोजते हैं।हाथ पाँव मारते हैं. 
  2. परिस्थितियाँ बदलना हमारे हाथ में नहीं, पर दृष्टिकोण बदलना हमारे हाथ में है।
    • मौसम जैसा जीवन – हम बारिश रोक नहीं सकते, पर छाता ले सकते हैं। हमारा दृष्टिकोण क्रांति ला सकता है.
  3. जो लोग चुनौतियों को अवसर मानते हैं, वही दुनिया बदलते हैं।
    • अब्राहम लिंकन ने गरीबी को अवसर माना। कालांतर में वे अमेरिका के राष्ट्रपति बने.
    • थॉमस एडीसन ने हज़ार असफलताओं को प्रयोग का अवसर माना।कालांतर में बल्ब का आविष्कार किया.
    • नेल्सन मंडेला ने 27 वर्ष जेल में रहकर अवसर तलाश लिया. कालांतर में ये रंगभेद का सबसे सशक्त हस्ताक्षर के रूप में परिणीत हुआ.
    • मैं ख़ुद जब जमी जमाई नौकरी से निकला गया तो मैंने इसे अवसर समझकर अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत कर ली 

4. ये रहे व्यावहारिक सुझाव (Takeaways)

  1. हर कठिनाई को लिखो – ये मेरा प्रिय शोक रहा है. मुझे जितना पढ़ना पसंद है उतना ही लिखना भी पसंद है. लिखने से आप अपने आप को हल्का करते हो. हर कठिनाई को लिखो और उसके आगे लिखो “इससे मैं क्या सीख सकता हूँ?” लिखना आपके दिल को सुकून देता है. वे आपके विचारों को स्पष्ट करता है. 
  2. शिकायत का समय घटाओ – और समाधान खोजने का समय बढ़ाओ। शिकायत आपको आगे के रास्ते बंद करने में बड़ी भूमिका बनती है. जितनी शिकायत करते रहोगे उतना ही भ्रम में उलझते रहोगे. 
  3. हर दिन एक आशीर्वाद मानो – सुबह उठकर 3 चीज़ें लिखो जिनके लिए आभारी हो। इस हेतु एक अलग से बनाई गई पुस्तिका आपका जीवन बदलने में निर्णायक भूमिका अदा कर सकती है.
  4. “क्यों मैं?” से “क्यों नहीं मैं?” – सोच बदलो, ऊर्जा बदल जाएगी। अपमी तरफ़ की गई उँगली को नया अर्थ दो. वही उँगली ये एहसास करवा सकती है “मैं क्यों नहीं”.

5. प्रेरणादायक समापन

जीवन हमेशा आपके सामने परिस्थितियाँ रखेगा। आप तय करेंगे –

  • क्या आप उन्हें पत्थरों जैसा बोझ बनाएँगे?
  • या उनसे पुल बनाकर आगे बढ़ेंगे?

आइए सोचिए और आगे बढ़िए. ये था पहला पाठ.

याद रखिए:
👉 जीवन का बोझ नहीं, अवसर ही हमें हमारी असली ऊँचाई तक ले जाता है।

Engage with Post

Article Stats

October 19, 2025
0 Likes
0 Comments

More Articles

Back to All Posts

Comments (0)

No comments yet. Be the first to comment!