जीवन की पाठशाला” – एक प्रेरणादायक धारावाहिक-आठवीं किश्त
जीवन की पाठशाला एक ऐसा धारावाहिक है जिसमें हर किसी को प्रवेश लेना होता है । यह धारावाहिक रोजमर्रा की ज़िंदगी में आने वाली चुनौतियों, संघर्षों और सीखों पर आधारित है । इसमें हमने ऐसे 30 टॉपिक्स को संजोया है जो हमें सत्यता से रू बरु करवाते हैं। प्रत्येक टॉपिक एक नई कहानी है , जिसमें कोई न कोई जीवन-संबंधी महत्वपूर्ण संदेश छुपा होता है । हर विषय को विभिन्न धर्मों में दिए गए सिद्धांतो के परिपेक्ष्य में भी हमने समझने की कोशिश की है।
अभी तक हम सात टॉपिक पढ़ चुके हैं आज पढ़ते हैं
आठवीं किश्त
मनिंदर सिंह चंडोक
लेखक, कवि, मोटिवेशनलस्पीकर, ट्रेनरएवंकोच
नेतृत्व की रोशनी: खुद को और दूसरों को प्रेरित करने की कला।
मित्रो, नेतृत्व क्या है? आज यदि समाज को सबसे अधिक किसी चीज की दरकरार है तो वे है एक अच्छे नेतृत्व की। अच्छा नेतृत्व दुर्लभ है। नेतृत्व केवल एक पद या अधिकार का नाम नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी रोशनी है जो अंधेरे में रास्ता दिखाती है। नेतृत्व न केवल स्वयं के लिए आवश्यक है , बल्कि दूसरों के लिए भी अत्यावश्यक है।
नेतृत्व देने वाले को नेता बोला जाता है। आज के परिपेक्ष्य में नेता शब्द अपनी गरिमा खो चुका है। हम नकारात्मक पक्ष की और न जाते हुए सकारात्मक पक्ष की ही चर्चा करेंगे। सच्चा नेता वह होता है जो अपने विचारों, कर्मों और दृष्टिकोण से दूसरों को प्रेरित करता है। उसका एक एक एक्शन ऊर्जा एवं प्रेरणा से भरपूर होता है। नेतृत्व की यह रोशनी तब जगमगाती है जब नेता अपने अंदर आत्मविश्वास, स्पष्ट उद्देश्य और करुणा एवं साथ लेकर चलने की कला को जानता है।
1. खुद को नेतृत्व देना : नेतृत्व की पहली सीढ़ी
नेतृत्व की शुरुआत स्वयं से होती है। जो व्यक्ति खुद को नियंत्रित कर सकता है, कठिनाइयों में स्थिर रह सकता है, और निरंतर सीखने को तत्पर रहता है — वही दूसरों को प्रभावी ढंग से दिशा दे सकता है। खुद को प्रेरित करने के लिए आत्मनिरीक्षण, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास जरूरी है। महात्मा गांधी ने कहा था, “Be the change you wish to see in the world.” यही आत्म-प्रेरणा का सार है। इसके लिए वे सदा अपने आप से संवाद करता है।
धर्म ग्रंथों में नेतृत्व और प्रेरणा को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। हमारे वेद, उपनिषद, गीता, रामायण, महाभारत, गुरुग्रंथसाहिब और कुरान जैसे ग्रंथों में ऐसे अनेक उदाहरण और उपदेश हैं जो दर्शाते हैं कि एक सच्चे नेता को कैसा होना चाहिए और वह कैसे खुद को तथा दूसरों को प्रेरित कर सकता है।
गुरु ग्रंथ साहिब – सेवा और विनम्रता से नेतृत्व
सिख धर्म में गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविंद सिंह जी तक सभी गुरुओं ने सेवा, समानता और साहस के मार्ग पर चलकर लोगों को प्रेरित किया।
"ਜੋਤਨੁਰਖੈਧਰਮਕਾਸੂਰਾਸੋਈਸੂਰਾਜਾਣੀਐ"
(जो धर्म की रक्षा के लिए खड़ा होता है, वही सच्चा योद्धा और नेता है।)
कुरानशरीफ – न्यायऔरदयाकेसाथनेतृत्व
इस्लाम धर्म में पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद साहब को एक आदर्श नेता माना जाता है। उन्होंने कहा:
“The best of you is the one who is most beneficial to others.”
यानी जो दूसरों के लिए सबसे अधिक उपयोगी हो, वही श्रेष्ठ है।
उन्होंने करुणा, समानता, क्षमा और धैर्य से लोगों को प्रभावित किया और नेतृत्व किया।
2. दूसरों को प्रेरित करना: नेतृत्व की असली पहचान
नेता वह नहीं जो आदेश देता है, बल्कि वह जो प्रेरणा देता है। उसके शब्दों में जान होती है। वे किसी भी तरह ऐसा नहीं कहता है जिससे सामने वाले व्यक्ति को अपनी क्षमताओं पर संदेह हो जाए। प्रेरणादायक नेतृत्व दूसरों की क्षमताओं को पहचानता है, उन्हें आगे बढ़ने के लिए मौक़ा देता है और विश्वास के साथ उनका मार्गदर्शन करता है। अच्छा नेता सुनता है, समझता है और दूसरों को आगे बढ़ने में मदद करता है। नेल्सन मंडेला, अब्दुल कलाम, और स्वामी विवेकानंद इसके श्रेष्ठ उदाहरण हैं। ये सभी मेरे आदर्श भी हैं।
3. दृष्टि और मूल्यों का महत्व
नेता का लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए — उसे पता होना चाहिए कि वह कहाँ जाना चाहता है और क्यों। इसके साथ ही, ईमानदारी, सहानुभूति, और सेवा की भावना जैसे जीवन मूल्य उसे सही दिशा में प्रेरित करते हैं। जब लक्ष्य और मूल्य साथ चलते हैं, तब नेतृत्व सशक्त और प्रेरणादायक बनता है।
4. नेतृत्व में संप्रेषण की भूमिका
प्रभावी संवाद भी प्रेरक नेतृत्व की एक अनिवार्य कला है। एक अच्छा नेता अपने विचारों को सरल, प्रभावशाली और सकारात्मक ढंग से व्यक्त करता है। वह दूसरों की बातों को ध्यान से सुनता है और सभी को साथ लेकर चलता है। उसके द्वारा कही हुई एक पंक्ति गेम चेंजर हो सकती है।
5. नेतृत्व: एक सतत यात्रा
नेतृत्व कोई मंज़िल नहीं, बल्कि एक यात्रा है। हर अनुभव, हर असफलता और हर सफलता एक नए पाठ की तरह होती है। जो नेता लगातार सीखता है, वही खुद को और दूसरों को बेहतर बना सकता है। सीखना एक ऐसा गुण है जो उसे कभी भी पुराना नहीं पड़ने देता। उसे सदा हरा भरा रखता है।
6. नेतृत्व: क्यों किया जाना चाहिए
15 अगस्त 2024 को मुझे स्किल अप सीरीज में इसी विषय पर व्याख्यान देना था. मैंने नेतृत्व के कई बिंदुओं पर चर्चा करते हुए इस विषय पर ज़ोर दिया कि हमें नेता का चुनाव यदि करना पड़े तो क्या क्या सावधानियाँ रखनी चाहिए. नेता को चुनना अर्थात् उसके हाथ में अपने जीवन की बागडोर देना है. वे आपको जिस और ले जाएगा वे दिशा आप ही निर्धारित कर रहे हैं.
अब यदि आपने किसी के दबाव में, लालच में, बिना जांच पड़ताल के, किसी के कहने पर यदि ग़लत नेता का चुनाव कर लिया तो समझ लीजिए आपने अपने व आने वाली पीढ़ी के लिए काँटे बो लिए.
निष्कर्ष:
नेतृत्व की रोशनी वही व्यक्ति फैला सकता है, जो भीतर से प्रज्वलित हो। यह केवल किसी संगठन या समूह का संचालन करना नहीं, बल्कि एक मिशन है – खुद को प्रेरित करके, दूसरों में उम्मीद, आत्मबल और दिशा का संचार करना। जब नेतृत्व प्रेरणा बन जाए, तो समाज, देश और दुनिया का भविष्य उज्ज्वल हो जाता है। नेता का सही चयन अपने आप के साथ न्याय करना है.